राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरदचंद्र पवार के हिंदी भाषी विभाग की ओर से महाराष्ट्र में रहने वाले हिंदी भाषी नागरिकों को मराठी भाषा सिखाने का अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान की शुरुआत आज प्रदेश कार्यालय में हुई, जिसमें पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता विधायक जयंत पाटिल की प्रमुख उपस्थिति रही।
इस अभियान के आयोजक हिंदी भाषी सेल के अध्यक्ष मनीष दुबे हैं। उद्घाटन कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता जितेंद्र आव्हाड, मिलिंद कांबले, असलम शेख, अभय पांडे, अजय यादव, शैलेन्द्र यादव, जैनुल अंसारी, रंजीत चौधरी, राजेंद्र चंदेल सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मीडिया से बातचीत करते हुए जयंत पाटिल ने कहा, “मुंबई में रह रहे हिंदी भाषी नागरिकों में मराठी सीखने की उत्सुकता है और उन्हें यह अवसर प्रदान करने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। मनीष दुबे द्वारा शुरू किए गए इस उपक्रम का हम स्वागत करते हैं।”
इस अभियान की शुरुआत प्रायोगिक रूप से बोरिवली और दहिसर इलाकों से की जा रही है। यदि यह प्रयास सफल होता है, तो इसे मुंबई के अन्य क्षेत्रों में भी विस्तारित किया जाएगा, ऐसा जयंत पाटिल ने स्पष्ट किया।

